जिला परिषद सदस्य राधिका देवी से तीन लाख की ठगी
दुमका, 31 मार्च (हि.स.)। जिले के सरैयाहाट प्रखंड क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य राधिका देवी साइबर ठगी का शिकार हो गईं। साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से करीब तीन लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली। राधिका ने बताया कि उनके इंडियन बैंक खाते से 25 से 27 मार्च के बीच अलग-अलग समय पर कुल 2,99,660 रुपये यूपीआई के माध्यम से निकाल लिए गए।
खाते के स्टेटमेंट से स्पष्ट हुआ है कि राशि किस्तों में ट्रांसफर की गई है। बताया कि उनका बड़ा बेटा दिल्ली में रहता है और जिस मोबाइल से उनके बैंक खाते का संचालन होता है, वह उसी के पास रहता है। इसी दौरान मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक आया, जिस पर क्लिक करने के बाद ही ठगी का शिकार हो गई।
उन्होंने संबंधित बैंक शाखा के साथ-साथ साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। इंडियन बैंक हंसडीहा शाखा के प्रबंधक ने बताया कि बैंक की ओर से कभी भी किसी ग्राहक को कोई लिंक नहीं भेजा जाता है और न ही ओटीपी के लिए कॉल किया जाता है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार