छोटा गोविंदपुर में 300 फलदार और फूलदार पौधों का वितरण

 


पूर्वी सिंहभूम, 03 अगस्त (हि.स.)। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल और प्रीवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एंड प्लांट्स (पीसीएपी) की ओर से सोमवार को छोटा गोविंदपुर स्थित भूमिज टोला प्राथमिक विद्यालय और आसपास के ग्रामीणों के बीच तीन साै फलदार और फूलदार पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान लोगों से पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने की अपील भी की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आनंद मार्ग के सुनील आनंद ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संकट मानव की स्वार्थपरक सोच और प्रकृति के प्रति असंवेदनशील व्यवहार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिस समस्या को मनुष्य ने स्वयं उत्पन्न किया है, उसका समाधान भी मनुष्य को ही करना होगा। केवल पौधारोपण कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए मनुष्य के विचार और आचरण में भी सकारात्मक बदलाव आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित किए बिना पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों और अन्य जीवों को पृथ्वी रूपी परिवार का अभिन्न सदस्य मानकर उनके संरक्षण का संकल्प लेना होगा। उन्होंने नव्य-मानवतावाद की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस विचारधारा के माध्यम से मनुष्य प्रकृति और समस्त जीव-जंतुओं के साथ संतुलित एवं सामंजस्यपूर्ण संबंध स्थापित कर सकता है।

सुनील आनंद ने कहा कि पृथ्वी पर ऑक्सीजन का संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण जरूरी है। इसी उद्देश्य से आनंद मार्ग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में लगातार फलदार, फूलदार और छायादार पौधों का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक