स्वर्णरेखा कॉलेज ऑफ नर्सिंग में फलदार पौधों का वितरण
रांची, 25 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम और अर्थ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को बरियातू स्थित स्वर्णरेखा कॉलेज ऑफ नर्सिंग में 100 फलदार पौधों का वितरण किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित रांची के संकल्प को मजबूत करने दिशा में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को पौधों के संरक्षण करने और शहर को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि अर्थ फाउंडेशन के ट्रस्टी दीपक बांका ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन आज मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर पाैधारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधे का भी संरक्षण करे तो रांची को हरा-भरा और स्मार्ट शहर बनाने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।
स्वर्णरेखा कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या सोनी जायसवाल ने विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कॉलेज के निदेशक डॉ सिद्धार्थ प्रकाश ने कहा कि कार्यक्रम के आयोजन में रांची नगर निगम के नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त और सहायक नगर आयुक्त का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में समाजसेवी आशुतोष द्विवेदी, अर्थ फाउंडेशन के अमित कुमार, शुभम तिवारी, दीपक दुबे, सुधाकर यादव सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar