(अपडेट ) एसआईआर पर विधानसभा में सरकार ने पेश किया संकल्प, की ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

 


रांची, 25 नवंबर (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और खान एवं खनिज विकास संशोधन विधेयक (एमएमडीआर )बिल पर चर्चा को लेकर आहूत झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने राज्य सरकार की ओर संकल्प पेश कर एसआईआर का विरोध किया।

संकल्प प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के मतदाता सूची में मतदाताओं के उम्र सहित कई जानकारियों में खामियां हैं। उन्होंने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की।

इसके पूर्व चर्चा की शुरुआत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही शुरू की, जिसके बाद संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने एसआईआर को लेकर राज्य सरकार का संकल्प सदन के पटल पर रखा। संकल्प में वर्तमान में चल रही एसआईआर प्रक्रिया पर चिंता जताते हुए इसपर सभी राज्यों और राजनीतिक दलों के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद नए सिरे से पारदर्शी प्रक्रिया तैयार करने की मांग की।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के नाम पर योग्य मतदाताओं को संदेहास्पद सूची में डाला जाना गंभीर चिंता का विषय है। सरकार के संकल्प के अनुसार, राज्य के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रारूप मतदाता सूची में 2.21 करोड़ नाम ही प्रकाशित हुए हैं। वहीं प्रारूप सूची में शामिल मतदाताओं में लगभग 27 प्रतिशत को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किए गए हैं।

राज्य सरकार ने संकल्प में दावा किया है कि राज्य के कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे लोग हैं, जिनके नाम या तो मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं या उन्हें संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया है। नोटिस जारी किए गए मामलों में 75 प्रतिशत से अधिक मामले माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र संबंधी विसंगति और अन्य तार्किक त्रुटियों से जुड़े हैं।

सरकार ने झारखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कहा कि आदिवासी बहुल राज्य में वहीं 38 प्रतिशत मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से डिलीट कर दिया गया है या उन्हें नोटिस जारी किया गया है। एसआईआर की प्रक्रिया को लागू करने में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेष रूप से पीवीटीजी समुदाय के लोगों के पास आवश्यक दस्तावेजों की कमी और जागरूकता का अभाव बड़ी चुनौती है। इसके अलावा दूसरे राज्यों में काम करने वाले लाखों प्रवासी मजदूरों, बाहर पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों, बुजुर्गों, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को भी इस प्रक्रिया में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

संकल्प में पश्चिम बंगाल में हुए एसआईआर का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए और अपीलों के निपटारे के लिए गठित ट्रिब्यूनलों को 38 लाख से अधिक आवेदन मिले। सरकार ने आशंका जताई कि झारखंड में भी ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर बड़ी संख्या में योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह विशेष गहन पुनरीक्षण के सिद्धांत के खिलाफ नहीं है। हालांकि, वर्तमान प्रक्रिया को रोककर सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ समावेशी चर्चा करने, पारदर्शी नियम और सरल मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के बाद ही नए सिरे से एसआईआर कराने की मांग की गई है।

संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार प्रत्येक योग्य नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। किसी भी प्रक्रियागत जटिलता के कारण किसी पात्र मतदाता को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। सरकार ने सदन में चर्चा के बाद अपने संकल्प को भारत निर्वाचन आयोग सहित सभी सक्षम प्राधिकारों को भेजने का प्रस्ताव रखा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak