तीन माह से लंबित पेंशन का एक सप्ताह में करें भुगतान : नगर आयुक्त

 


रांची, 07 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि जिन पेंशनभोगियों की तीन माह से पेंशन लंबित है, उनका भुगतान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

नगर आयुक्तह मंगलवार को सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की समस्याओं की समीक्षा बैठक के दौरान बोल रहे थे। बैठक में बताया गया कि नगर निगम में वर्तमान में 388 पेंशनभोगी और 106 पारिवारिक पेंशनभोगी हैं। नगर आयुक्त ने लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए भुगतान में हो रही देरी के कारणों की जानकारी ली और सभी प्रकरणों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेंशनभोगियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान किया जाए। इस दौरान पारिवारिक पेंशन से जुड़े लंबित मामलों के निपटारे के लिए आगामी 11 जुलाई 2026 को नगर निगम कार्यालय में विशेष शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। लाभार्थियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होने की अपील की गई है, ताकि उनके मामलों का मौके पर ही समाधान किया जा सके।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले सभी आवेदकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा शिविर की कार्रवाई और लंबित मामलों के निष्पादन की विस्तृत रिपोर्ट 13 जुलाई तक प्रस्तुत की जाए। बैठक में मुख्य रूप से सहायक नगर आयुक्त दिलीप कुमार, लेखा पदाधिकारी, स्थापना शाखा प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar