झारखंड स्थापना दिवस पर दो डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रदर्शन
रांची, 28 नवंबर (हि.स.)। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, वित्तीय प्रगति और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में पहल के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड ने दो योजना का प्रदर्शन किया।
झारखंड स्थापना दिवस समारोह के तहत शनिवार को खेलगांव, रांची में आयोजित प्रदर्शनी में एनएचएम ने अपने दो डिजिटल प्लेटफॉर्म एनएचएम गुरुजी और एनएचएम मित्रम का प्रदर्शन किया। इन पहलों को एनएचएम झारखंड और पीरामल फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से विकसित किया गया है। प्रदर्शनी स्टॉल के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित अन्य अतिथियों को इन प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी दी गई।
एनएचएम गुरुजी के माध्यम से अधिकारी विभिन्न वित्तीय वर्षों और जिलों के अनुसार स्वास्थ्य कार्यक्रमों की वित्तीय प्रगति की निगरानी कर सकेंगे। यह प्लेटफॉर्म वित्तीय प्रदर्शन की समीक्षा, कमियों की पहचान और डेटा आधारित निर्णय लेने में मददगार होगा। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं, जिससे आंकड़ों का विश्लेषण और सूचनाओं तक पहुंच आसान होगी। वहीं, एनएचएम मित्रम को भी डिजिटल स्वास्थ्य प्रबंधन और सूचनाओं की उपलब्धता को बेहतर बनाने की पहल के रूप में प्रदर्शित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar