राजकीय अतिथि के मंगल प्रवेश में शामिल हुआ दिगंबर जैन समाज
रामगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। मुनिश्री 108 श्री प्रमाण सागर महाराज का पिछले कुछ वर्षों से मंगल प्रवास झारखंंड से बाहर चल रहा था। सोमवार को उनका मंगल प्रवेश छत्तीसगढ़ सीमा पार करके शंख नदी के पास हुआ। उनके मंगल प्रवेश पर झारखंंड और बिहार से बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालु और भक्त पहुंचे। इस कार्यक्रम में श्री दिगंबर जैन समाज रामगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी बस उपाध्यक्ष राजेंद्र पाटनी के नेतृत्व में पहुंची।
प्रवेश के अवसर पर उनके भक्त नाचते, गाते और झूमते हुए आत्मविभोर हो रहे थे। मौके पर महिलाएं भी बड़ी संख्या में माथे पर मंगल कलश लेकर मुनिश्री के समक्ष पहुंची। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए राजेंद्र पाटनी ने बताया कि हमारे राजकीय अतिथि और मुनिश्री संयम, त्याग एवं तपस्या की प्रतिमूर्ति हैं। अपने भक्तों के प्रति सदैव वात्सल्य और स्नेह लुटाते हैं। ऐसे मुनिश्री के झारखंंड प्रवेश हम सब के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि मुनिश्री के मंगल प्रवेश में शामिल हो कर हम अपने आप को कृतार्थ महसूस कर रहे हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उपाध्यक्ष के अलावा ललित चुड़ीवाल, सुनील छाबड़ा, ललित गंगवाल, अरविन्द सेठी, सुभाष सेठी, राजेश चुड़ीवाल, संजय सेठी, श्याम जैन, अरुणा जैन, किरन सेठी, नीता सेठी, रेनू चुड़ीवाल, प्रतिभा सेठी, बीना बगड़ा, अनीता चुड़ीवाल शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश