सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर डीआईजी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

 


देवघर, 29 जुलाई (हि.स.)।

राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर एसपी कार्यालय सभागार में दुमका प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अंबर लकडा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न अस्थायी ओपी और टीओपी में प्रतिनियुक्त पुलिस उपाधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उनके दायित्वों की विस्तृत ब्रीफिंग की गई।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुगम आवागमन, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और कांवरिया रूट लाइन की सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पेयजल एवं स्वास्थ्य शिविरों की व्यवस्था और संपूर्ण गश्ती प्रणाली को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिया गया

डीआईजी ने सभी पुलिस अधिकारियों को मेला कंट्रोल रूम के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और मेला से जुड़ी प्रत्येक महत्वपूर्ण सूचना का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

बैठक में अफवाहों पर तत्काल रोक लगाने, खोया-पाया से संबंधित सूचनाओं का जनसंपर्क केंद्र के माध्यम से शीघ्र प्रसारण और निष्पादन करने एवं श्रद्धालुओं को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष बल दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy