बासुकीनाथ धाम पहुंच डीजीपी तदाशा मिश्रा, पूजा-अर्चना कर श्रावणी मेला की तैयारियों का लिया जायजा

 




दुमका, 24 जुलाई (हि.स.)। डीजीपी तदासा मिश्रा शुक्रवार को प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बासुकीनाथ धाम पहुंच फौजदारी बाबा बासुकीनाथ में मत्था टेका। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद बासुकीनाथ श्रावणी मेला क्षेत्र में की जा रही तैयारियों का उन्होंने जायजा लिया।

इस दौरान संताल परगना प्रमंडल के डीआईजी अंबर लकड़ा, दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार और पंडा धर्मरक्षिणी सभा के अध्यक्ष मनोज पंडा ने डीजीपी को बाबा बासुकीनाथ का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मौके पर डीजीपी ने बताया कि इस वर्ष श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसे लेकर देवघर और बासुकीनाथ के संपूर्ण मेला क्षेत्र में एआई तकनीक का इस्तेमाल कर मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। साथ ही ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरे की मदद से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।

वहीं डीजीपी समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय में संताल परगना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस अहम बैठक में क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, वारंटों के तामीला, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी एवं संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई पर जहां चर्चा हुई।

इसके बाद आगामी श्रावणी मेला के दौरान बाबा बासुकिनाथ धाम सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी की गई तैयारी की डीजीपी ने बिंदुवार समीक्षा की।

बैठक में आईजी अभियान एनके सिंह, आईजी, सीआईडी अजय लिंडा, आईजी संताल परगना मयूर पटेल कन्हैयालाल, डीआईजी अम्बर लकड़ा के अलावा संताल परगना प्रमंडल के सभी जिलों के एसपी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार