एकादशी पर भक्तिमय हुआ श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर, श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना

 


रांची, 27 मई (हि.स.)। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से मंदिर परिसर में बुधवार को पुरुषोत्तम मास की पावन अश्विनी एकादशी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष धार्मिक अनुष्ठान से हुई। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान को प्रसाद अर्पित किया। इस अवसर पर श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार नए वस्त्रों और जड़ित आभूषणों से किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

धार्मिक आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, आरती और सामूहिक पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर परिसर जयकारों, भक्ति संगीत और आध्यात्मिक उल्लास से गुंजायमान रहा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन के दौरान भक्तिरस में सराबोर नजर आए।

वक्ताओं ने पुरुषोत्तम मास और अश्विनी एकादशी की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व आत्मशुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक उन्नति का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से धर्म, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

धार्मिक अनुष्ठान के समापन के बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच वेजिटेबल खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी और प्रवक्ता संजय सर्राफ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी रही।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar