कार्तिक पूर्णिमा पर रांची और साहिबगंज के गंगा घाटों पर उमड़े श्रद्धालु, लगाई आस्था की डुबकी

 


-स्वर्णरेखा नदी में स्नान कर श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक और दान-पुण्य, इक्कीसी महादेव मंदिर में लगी कतारें-साहिबगंज के मुक्तेश्वर और राजमहल के गंगा घाटों पर भी उमड़ी भीड़, श्रद्धालुओं ने किया दीपदान

रांची, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजधानी रांची सहित झारखंड के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धालुओं ने मंगलवार को नदियों और पवित्र जलाशयों में आस्था की डुबकी लगाई। रांची के चुटिया स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर अहले सुबह से ही महिला, पुरुष और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने ब्रह्म मुहूर्त में नदी में स्नान कर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और दान-पुण्य किया।

स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने नदी तट के समीप स्थित ऐतिहासिक इक्कीसी महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पर्व को लेकर स्वर्णरेखा नदी तट और चुटिया क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। मंदिरों में बजते घंटे और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्थानीय प्रशासन एवं पूजा समितियों की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे।

आचार्य मनोज पाण्डेय ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन गंगा सहित अन्य पवित्र नदियों में स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व है। इसी परंपरा के तहत श्रद्धालु सूर्योदय से पहले नदी में स्नान कर भगवान विष्णु, भगवान शिव और तुलसी की पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद अन्न, वस्त्र, धन और अन्य आवश्यक वस्तुओं का दान किया जाता है। शाम को नदी घाटों और घरों में दीप जलाने की परंपरा है।

धार्मिक कथाओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर संसार को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी कारण इस तिथि को देव दीपावली कहा जाता है। मान्यता यह भी है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था, जिससे इस पर्व का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है।

इधर, साहिबगंज में भी कार्तिक पूर्णिमा पर आदिवासी सनातनी और गैर आदिवासी श्रद्धालुओं ने मंगलवार अहले सुबह राजमहल और जिला मुख्यालय के मुक्तेश्वर गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी लगाई। सुबह से ही मुक्तेश्वर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। महिलाओं ने गंगा स्नान के बाद मंगलपाठ किया और पूजा-अर्चना की। घाटों पर मेले जैसा माहौल रहा।

साहिबगंज में उत्तरवाहिनी गंगा के तट पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और दीपदान किया। वहीं, राजमहल अनुमंडल क्षेत्र में श्रद्धालु वाद्ययंत्रों की धुन पर मां गंगा की स्तुति करते हुए रातभर जागरण करते रहे। संगीदलान, सूर्यदेव घाट और बालू प्लाट पर भी श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। सूर्यदेव घाट, गुदाराघाट सहित अन्य घाटों पर लोगों ने ब्रह्म मुहूर्त में स्नान, पूजा-अर्चना और दीपदान किया।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे