खाटू नरेश श्याम बाबा को किया गया अन्नकूट भोग अर्पित

 


रांची, 10 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक माह के पावन अवसर पर मंगलवार को अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में मंगलवार को श्री श्याम मंडल, रांची की ओर से खाटू नरेश श्याम बाबा को अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान ललित मोदी, सृष्टि मोदी, अंशुल मोदी और तुषित थर्ड ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा को भोग अर्पित किया। इससे पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्र प्रकाश बागला, मंत्री धीरज बंका और मोदी परिवार ने गणेश पूजन के साथ मंदिर में विराजमान वीर बजरंगबली और शिव परिवार की पूजा की। इसके बाद फल, मिठाई और विभिन्न पकवानों का भोग लगाया गया। अन्नकूट प्रसाद में पूड़ी, पूड़ा, बड़ा और पंचमेल सब्जी शामिल थी।

इस दौरान मंदिर परिसर हारे के सहारे और लखदातार के जयकारों से गूंज उठा। प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। मंडल के कार्यकर्ताओं ने भक्तों के लिए पेयजल और जूते-चप्पल रखने की समुचित व्यवस्था की थी। अन्नकूट का प्रसाद मंदिर परिसर में ही तैयार किया गया था।

कार्यक्रम की सफलता में विकास पाड़िया, प्रमोद बगड़िया, मनोज ढांढनिया, प्रदीप अग्रवाल, अभिषेक डालमिया, प्रियांश पोद्दार, बालकिशन परसरामपुरिया, नितेश केजरीवाल, राजेश सारस्वत और नितेश लखोटिया का अहम सहयोग रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar