होली सौहार्द्र के साथ मनाएं, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त

 


देवघर, 03 मार्च (हि.स.)। देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने होली पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द्र के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने मंगलवार को विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में उपायुक्त ने कहा कि होली के दौरान अफवाह फैलाने, हुड़दंग करने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने तथा भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, गश्ती दल सक्रिय रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है।

उपायुक्त ने जिलावासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगों का यह पर्व समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे तनावमुक्त होकर त्योहार मनाएं, ऑर्गेनिक रंगों का उपयोग करें और किसी पर जबरदस्ती रंग न लगाएं। साथ ही अश्लील गीत, अभद्र व्यवहार, मादक पदार्थों के सेवन तथा तेज गति, ट्रिपलिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने से बचने की भी सलाह दी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar