न्यायालय के फैसले पर देवेंद्र ने सोरेन सरकार पर साधा निशाना, दी आंदोलन करने की चेतावनी
रांची, 21 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी 11 वीं से 13 वीं परीक्षा और उससे जुड़ी नियुक्तियों को रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले पर झारखंड उच्च न्यायालय की रोक के बाद छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो ने सरकार पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने शुक्रवार को प्रेस क्लब में जारी प्रेस वार्ता में कहा कि अदालत के फैसले का सम्मान है, लेकिन छात्रों की जिन मांगों को लेकर आंदोलन हुआ था, उनकी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। सरकार के रवैया के खिलाफ आनेवाले समय में जल्द बडा आंदोलन किया जाएगा। देवेंद्र महतो ने कहा कि सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से अटॉर्नी जनरल की मौजूदगी नहीं होना और सीआईडी की जांच रिपोर्ट को प्रभावी तरीके से पेश नहीं किया जाना कई सवाल खड़ा करता है। इन परिस्थितियों से छात्रों के बीच सरकार की भूमिका और मंशा को लेकर संदेह बढ़ा है।
महतो ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों को नजरअंदाज किया गया या मामले को दबाने की कोशिश हुई, तो छात्र दोबारा सड़क पर उतर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आंदोलन के दौरान छात्रों ने 16 दिनों तक अनशन किया था। इसके बावजूद कई सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिले। अब छात्रों की नजर हाईकोर्ट की आगे की कार्रवाई और राज्य सरकार के अगले कदम पर है।
न्याय की उम्मीद पूरी नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता फिर अपनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन किसी योग्य और सफल अभ्यर्थी की नौकरी छीनने के लिए नहीं है। छात्रों की मुख्य चिंता भर्ती प्रक्रिया में कथित पेपर लीक, धांधली, गड़बड़ी और पारदर्शिता की कमी को लेकर है। क्योंकि भर्ती प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिसमें मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के साथ अन्याय न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar