स्थापना दिवस पखवाड़े में विकास कार्यों को मिली गति, बढ़ी जनभागीदारी

 


रांची, 25 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत बुधवार को राज्यभर में रोजगार, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी व्यापक गतिविधियां आयोजित की गईं। जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों की पहल पर पंचायतों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में हजारों लोगों ने भागीदारी निभाई। जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने पर विशेष जोर रहा।

आवास योजनाओं के तहत पाकुड़ में 53, सरायकेला-खरसावां में 61, सिमडेगा में 34 और गोड्डा में 22 परिवारों ने नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश किया। सिमडेगा में ग्रामीण रोजगार के तहत 8,408 मजदूरों को काम उपलब्ध कराने और 4,822 मानव दिवस सृजित करने की जानकारी दी गई। जिले की 94 पंचायतों में ग्रामसभाएं आयोजित कर विकास योजनाओं के लिए 457 आवेदन प्राप्त किए गए।

शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न जिलों में क्विज, निबंध, पेंटिंग, नृत्य, गायन और नाटक प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिला। वहीं, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल श्रम और महिला स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता अभियान चलाए गए। रामगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों पर 17,326 लोगों की सहभागिता दर्ज की गई।

इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर, मलेरिया जांच, रक्तदान, कृषि प्रशिक्षण, बीज वितरण, जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन और बैंकिंग सेवाओं के विस्तार जैसी पहल भी हुईं। स्थापना दिवस पखवाड़े की गतिविधियों ने ग्रामीण विकास, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी को नई गति दी। इस अवसर पर ग्रामीण सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar