उपमहापौर ने हड़ताली कर्मचारियों से की वार्ता, मांगों पर विचार का आश्वासन
देवघर, 12 जून (हि.स.)। नगर निगम कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच शुक्रवार को शहर की सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की उपमहापौर टिप चटर्जी ने कर्मचारी नेताओं के साथ वार्ता की।
उपमहापौर ने फेडरेशन अध्यक्ष संजय मंडल को पत्र भेजकर बातचीत के लिए आमंत्रित किया था। वार्ता के बाद फेडरेशन अध्यक्ष संजय मंडल ने बताया कि उपमहापौर के आमंत्रण पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई। इस दौरान कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि उपमहापौर ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि नगर निगम की वित्तीय स्थिति का आकलन करने के बाद मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
संजय मंडल ने बताया कि वार्ता के संबंध में महापौर और नगर आयुक्त को भी सूचित किया गया था, लेकिन उनके अनुसार दोनों ने बातचीत में शामिल होने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को शीघ्र पहल करनी चाहिए। फेडरेशन अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की जायज मांगें पूरी होते ही हड़ताल समाप्त कर दी जाएगी और शहर की सफाई सहित अन्य नगर सेवाएं पुनः सामान्य रूप से संचालित होने लगेंगी।
वार्ता में सुनील राम, बिरजू राम, चंदन राम, मुखिया धपरा, किसन राम, सुनील माहो, प्रदीप राम, पापु मेहतर, विजय राम, कुंदन, अजय एवं शंकर राम सहित कई कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि हड़ताल के कारण नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिससे शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy