उपायुक्त ने किया गोला सीओ सहित सभी कर्मियों का किया वेतन बंद, एक निलंबित

 




रामगढ़, 22 जुलाई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज जनता के काम को लेकर काफी गंभीर हैं। उनके जनता दरबार में भी कोई जरूरतमंद खाली हाथ नहीं लौटता। उनका निर्देश साफ है कि किसी कार्यालय में जरुरतमंदों का काम किसी अधिकारी और कर्मचारी की लापरवाही के कारण ना रुके। लेकिन उनके निर्देशों के बावजूद गोला के अंचलाधिकारी लापरवाह निकले।

बुधवार को डीसी ऋतुराज जब गोला अंचल कार्यालय पहुंचे, तो वहां की कार्यशैली देखकर भड़क गए। उन्होंने तत्काल एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया। साथ ही लापरवाही को लेकर अंचल अधिकारी सीताराम महतो का वेतन रोक दिया। साथ ही वहां काम करने वाले सभी कर्मचारियों पर नाराजगी प्रकट करते हुए उन्होंने सभी का वेतन रोकते हुए सभी लंबित फाइल को अद्यतन करने का निर्देश दिया।

डीसी ने अंचल कार्यालय गोला का निरीक्षण कर कार्यालय के विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में अभिलेखों के संधारण, राजस्व से संबंधित कार्यों, स्थापना शाखा, दाखिल-खारिज, वन अधिकार, आपदा राहत, जाति, आय, आवासीय सहित अन्य प्रमाण पत्रों के निष्पादन की स्थिति का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में कई कार्यों में गंभीर अनियमितता और अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर डीसी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कार्यालय के एक कर्मी के कार्यों के निष्पादन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर उसे निलंबित कर दिया। वहीं अंचल कार्यालय के कार्य निष्पादन से असंतुष्ट होते हुए अंचल अधिकारी सहित कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मियों का वेतन अगले आदेश तक बंद रखने का निर्देश दिया।

डीसी ने स्थापना से संबंधित सभी अभिलेखों एवं कार्यों को जल्द अद्यतन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालय के सभी अभिलेख नियमों के अनुरूप संधारित किए जाएं और किसी भी प्रकार की त्रुटि या लंबित कार्य स्वीकार्य नहीं होंगे।

इस दौरान डीसी ने राजस्व अभिलेखों के महत्वपूर्ण दस्तावेज पंजी-2 की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि पंजी-2 का संधारण पूरी पारदर्शिता और नियमानुसार किया जाए। इसके डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए। ताकि भूमि संबंधी अभिलेखों का संरक्षण एवं आम नागरिकों को सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा हो।

डीसी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने, कार्यालय व्यवस्था में सुधार लाने तथा सेवा वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश