महिलाओं की सुरक्षा को लेकर वन स्टॉप सेंटर का उपायुक्त ने की शुरुआत

 


रांची, 30 मई (हि.स.)। रांची के नगड़ी स्थित कुलगु में वन स्टॉप सेंटर की शुरुआत उपायुक्त ने मंजूनाथ भजंत्री ने किया।

इस अवसर पर महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा, उत्पीड़न और शोषण से पीडित महिलाओं को एक ही छत के नीचे सभी तरह की मदद दी जा सकेगी।

वन स्टॉप सेंटर महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण की दिशा में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल है।

मौके पर उपायुक्त ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण की दिशा में जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब पीड़ित महिलाओं को विभिन्न विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि एक ही स्थान पर चिकित्सा, कानूनी, मनोवैज्ञानिक और आश्रय संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

वन स्टॉप सेंटर की मुख्यट सुविधाएं

- आपातकालीन प्रतिक्रिया और बचाव सेवा के तहत 108 एंबुलेंस सेवा एवं पुलिस के साथ समन्वय कर तत्काल सहायता दी जाएगी।

- पीड़ित महिला को निकटतम अस्पताल में तुरंत उपचार की व्यवस्था।

- एफआईआर, एनसीआर, डीआईआर दर्ज कराने के लिए पूरा सहयोग और मार्गदर्शन।

- मानसिक और भावनात्मक सहायता के लिए योग्य काउंसलर की ओर से काउंसलिंग सेवाएं।

- निःशुल्क कानूनी सलाह और न्याय प्राप्त करने में सहायता।

- अस्थायी आश्रय पीड़ित महिलाओं और उनके बच्चों के लिए सुरक्षित आवास और आवागमन की व्यवस्था।

वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य हिंसा, घरेलू उत्पीड़न, यौनिक शोषण या किसी भी प्रकार के शोषण से प्रभावित महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सा, कानूनी, मनोसामाजिक और आश्रय संबंधी समस्त सहायता उपलब्ध कराना है।

साथ ही पीड़ित महिलाएं टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 181 पर कॉल करके वन स्टॉप सेंटर की सभी सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकती हैं।

इस अवसर पर उपस्थित जिला प्रशासन के अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के पदाधिकारी और स्थानीय महिला संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस केंद्र को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

मौके पर स्थापना उप समाहर्ता विवेक कुमार सुमन, अंचल अधिकारी नगड़ी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नगड़ी, थाना प्रभारी नगड़ी और सीडीपीओ उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak