फूड सैंपल लेने के समय व्यापारियों का नाम सार्वजनिक न करे विभाग : चेंबर

 


रांची, 24 अप्रैल (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की फूड सेफ्टी उप समिति की बैठक शुक्रवार चेंबर भवन में हुई।

बैठक में फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ पवन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक के दौरान भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण की ओर से जारी हालिया निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई। डॉ पवन कुमार ने जानकारी दी कि 1.5 करोड़ रुपये तक के टर्नओवर वाले व्यापारियों को केवल निबंधन कराना होगा, जबकि 1.5 करोड़ से 50 करोड़ रुपये तक के टर्नओवर वाले व्यवसायियों को स्टेट लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।

यह संशोधित प्रावधान 01 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा। उन्होंने यह भी बताया कि लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया अब और सरल कर दी गई है, जिसमें मोबाइल रिचार्ज की तरह ऑनलाइन भुगतान कर लाइसेंस को आसानी से रिन्यू किया जा सकता है। साथ ही तत्काल लाइसेंस जारी करने की व्यवस्था भी लागू कर दी गई है। राज्य में सात नए फूड सेफ्टी ऑफिसरों की नियुक्ति होने से अब अधिकारियों की कमी नहीं रहेगी।

राज्य में फूड सैंपल जांच के लिए जल्द शुरू हो प्रयोगशाला : प्रवीण

चेंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि विभाग की ओर से लिए जाने वाले फूड सैंपल की जांच रिपोर्ट आने में लगभग तीन माह का समय लग जाता है। ऐसे में सैंपल लेने के समय व्यापारियों के नाम और फोटो को सार्वजनिक करना उनकी प्रतिष्ठा को प्रभावित करता है।

उन्होंने सुझाव दिया कि जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित व्यवसायी की पहचान सार्वजनिक नहीं की जानी चाहिए। साथ ही राज्य में फूड सैंपल जांच के लिए आधुनिक प्रयोगशाला जल्द शुरू करने की जरूरत पर बल दिया। इस संबंध में चेंबर की ओर से विभाग को पत्राचार करने का निर्णय लिया गया।

वहीं चेंबर के उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने कहा कि खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभाग और चेंबर के संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों को नियमों की स्पष्ट जानकारी दी जाए ताकि वे बिना किसी भय के अपने व्यवसाय का संचालन कर सकें। सह सचिव नवजोत अलंग ने कहा कि फूड लाइसेंसिंग प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सरल बनाने से छोटे और मध्यम व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने विभाग से समय-समय पर जागरूकता शिविर के आयोजन की बात कही। उप समिति चेयरमैन सुबोध चौधरी ने कहा कि फूड सेफ्टी से जुड़े नियमों का पालन करते हुए व्यापारियों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए चैंबर निरंतर प्रयासरत रहेगा।

बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, सह सचिव नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य मनीष सराफ, सदस्य आलोक सिंह, सुनील अग्रवाल, मो इरफ़ान, आकाश कुमार उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak