समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता : मेयर
देवघर, 29 अप्रैल (हि.स.)। देवघर नगर निगम के महापौर रवि राउत आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए सक्रिय नजर आ रहे हैं। इन दिनों महापौर के आवासीय कार्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं, जहां उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान भी किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 24, रामपुर में जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए महापौर रवि राउत स्वयं मौके पर पहुंचे। वार्ड पार्षद प्रतिनिधि की उपस्थिति में उन्होंने जेसीबी मशीन से नाले की सफाई कार्य की शुरुआत की और पूरे कार्य की निगरानी भी की।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि स्वच्छ देवघर बनाने के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही बाबा नगरी को एक आदर्श नगर निगम बनाया जा सकता है। पत्रकारों से बातचीत में महापौर ने कहा कि जन संवाद और जनसमस्याओं का समाधान उनका मुख्य ध्येय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy