दुर्गापूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, पंडालों में सीसीटीवी अनिवार्य
देवघर, 08 अक्टूबर (हि.स.)।
आगामी दुर्गा पूजा-2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई।
अनुमंडल पदाधिकारी ने पूजा समितियों को पंडालों में बिजली, सुरक्षित पेयजल, अग्निशमन व्यवस्था, अस्थायी शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया।
ध्वनि प्रदूषण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लाउडस्पीकर के उपयोग को नियंत्रित करने और डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रखने का निर्देश दिया गया।
प्रतिमा विसर्जन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रूट और समय-सारणी निर्धारित करने को लेकर संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी करने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सभी अंचलाधिकारी, अग्निशमन पदाधिकारी, थाना प्रभारी, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त और शांति समिति के अध्यक्ष, सचिव और सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar