स्वास्थ्यकर्मियों को वेतन देने को लेकर सीएस को सौंपा पत्र
देवघर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने जिले में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों के बकाया वेतन एवं पारिश्रमिक का भुगतान दुर्गा पूजा से पूर्व करने की मांग की है। इस संबंध में संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने सिविल सर्जन (सीएस) को पत्र लिखकर लंबित भुगतान के मामले में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि समय पर वेतन और पारिश्रमिक का भुगतान होने से स्वास्थ्यकर्मी और उनके परिवार के सदस्य दुर्गा पूजा खुशी से मना सकेंगे।
संघ ने एएनएम के पद पर कार्यरत भुवनेश्वरी कुमारी, अनीता कुमारी और किरण कुमारी को मार्च महीने से लंबित वेतन सहित अन्य सभी देय लाभों का भुगतान करने की मांग की है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों के चार महीने से लंबित वेतन का भुगतान करने पर भी जोर दिया गया है।
पत्र के माध्यम से बीपीएचयू के अधीन कार्यरत कर्मियों के मार्च महीने से बकाया पारिश्रमिक का भुगतान करने की मांग की गई है। वहीं, बॉन्ड सेवा के तहत कार्यरत कर्मचारियों को तीन महीने से लंबित संविदा भत्ता देने की भी मांग उठाई गई है।
इसी क्रम में संघ ने आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को सितंबर महीने का पारिश्रमिक जल्द भुगतान करने का आग्रह किया है।
संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने संबंधित अधिकारियों से सभी श्रेणियों के कर्मचारियों के लंबित भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की है, ताकि स्वास्थ्यकर्मियों को आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े और वे अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy