एचईसी श्रमिक संघ ने की एचईसी यूनियन का चुनाव जल्द कराने की मांग

 


रांची, 29 अक्टूबर (हि.स.)।

एचईसी में पिछले दस वर्षों से लंबित यूनियन चुनाव कराने की मांग पर एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष शनि सिंह ने गुरुवार को श्रमायुक्त से जल्द चुनाव कराने की मांग की है।

उन्होंने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि एचईसी प्रबंधन से भी चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के लिए श्रमायुक्त को पत्र लिखने का आग्रह किया है।

शनि सिंह ने कहा कि एचईसी में प्रत्येक तीन वर्ष पर यूनियन चुनाव कराया जाना चाहिए, लेकिन पिछले १० वर्षों से चुनाव नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों के प्रतिनिधित्व और उनकी मांगों को प्रबंधन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने में कठिनाइयां आ रही हैं।

उन्होंने बताया कि १० वर्ष पहले हुए चुनाव में छह यूनियनों ने हिस्सा लिया था, जबकि वर्तमान में यूनियनों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। एचईसी में लगभग 600 कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराना जरूरी है।

शनि सिंह ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव से कर्मचारियों को अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने एचईसी में दो मान्यता प्राप्त यूनियनें रखने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि एक पक्ष और दूसरा विपक्ष होने से कर्मचारियों की मांगों को संगठित तरीके से उठाने तथा प्रबंधन के साथ वार्ता कर समाधान निकालने में मदद मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar