विकास कार्यों में विलंब नहीं होगा बर्दाश्त : डीसी

 


रामगढ़, 25 जून (हि.स.)। जिला समाहरणालय के सभागार में गुरुवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय डेवलपमेंट टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिले के समग्र विकास, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान सर्वप्रथम डीसी ने पिछले बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में अब तक हुए कार्य प्रगति का पीपीटी के माध्यम से क्रमवार समीक्षा की।

डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जिले के विकास को नई दिशा देना है। इसके तहत डीएमएफटी के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आधारभूत संरचना, कौशल विकास सहित अन्य जनकल्याणकारी क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण और स्थायी परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन में स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनहित को प्राथमिकता दी जा रही है।

बैठक के दौरान डीसी ने विभिन्न विभागों में अलग-अलग स्तर पर लंबित फाइलों और प्रस्तावों की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा और सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य करें।

बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश