लातेहार में पानी से भरे गड्ढे में डूबकर दो मासूम बहनों की मौत

 


लातेहार, 11 जून (हि.स.)। जिले के बारियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाडीह गांव में गुरुवार को पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत हो गई।मृतकों की पहचान कामेश्वर गंझू की पुत्री प्रियंका कुमारी (11)और मनोज गंझू की पुत्री संजू कुमारी (9) के रूप में हुई है।

ग्रामीणाें से मिली जानकारी के अनुसार, ईंट निर्माण के लिए मिट्टी की खुदाई के बाद वहां बड़ा गड्ढा छोड़ दिया गया था, जो हाल की बारिश के कारण पानी से भर गया था। गुरुवार दोनों बच्चियां घर से खेलने निकली थीं। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों को हगनीगढ़ा स्थित गड्ढे में दोनों बच्चियों के शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

बाद में घटना की जानकारी मिलते ही बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

इधर, ग्रामीणों ने अवैध रूप से गड्ढा खोदकर छोड़ने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार