जिला वन अधिकार समिति की बैठक में छह व्यक्तिगत वन पट्टा दावे स्वीकृत

 


चतरा, 07 अगस्त (हि.स.)। समाहरणालय में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अनुमंडल स्तरीय वन अधिकार समिति से प्राप्त व्यक्तिगत वन पट्टा दावों की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान सिमरिया अनुमंडल के टंडवा अंचल स्थित चिरलौंगा और उलातु गांव से प्राप्त 20 व्यक्तिगत वन पट्टा दावों पर विचार किया गया। समिति ने वन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों और निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच के बाद छह दावों को स्वीकृति प्रदान की। स्वीकृत दावों का कुल रकबा 13.53 एकड़ है। शेष 14 दावों में निर्धारित मानदंडों की पूर्ति नहीं होने पर समिति ने उन्हें आवश्यक कार्रवाई और पुनर्विचार के लिए संबंधित ग्राम वन अधिकार समिति को वापस भेजने का निर्णय लिया।

बैठक में उपायुक्त रवि आनंद ने निर्देश दिया कि वन अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त सभी दावों का निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमानुसार परीक्षण सुनिश्चित किया जाए ताकि पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ मिल सके।

बैठक में दक्षिणी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी जहुर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सुधीर मबतो, जिला कल्याण पदाधिकारी, समिति की सदस्य सोभा कुजूर, सदस्य सरजू उरांव सहित संबंधित अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी