फसल बीमा योजना के तहत चतरा के 40,666 किसानों के आवेदन स्वीकृत
चतरा, 26 अक्टूबर (हि.स.)। बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, खरीफ 2026 के तहत चतरा जिले के 40,666 किसानों के 47,679 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। इन आवेदनों के माध्यम से कुल 28,319.87 हेक्टेयर कृषि भूमि का बीमा स्वीकृत किया गया है। सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति (डीएलएमसी) की बैठक में आवेदनों और बीमित क्षेत्रफल की समीक्षा के बाद यह स्वीकृति दी गई।
बैठक में बताया गया कि खरीफ मौसम में अगहनी धान और भदई मक्का फसलों का बीमा कराने के लिए जिले के 42,172 किसानों ने कुल 50,245 आवेदन जमा किए थे। इनके तहत 35,638.31 हेक्टेयर कृषि भूमि का बीमा कराने के लिए पंजीकरण किया गया था।
बीमा कंपनी टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधि ने बताया कि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण 1,531 किसानों के 1,663 आवेदन अस्वीकृत किए गए।
इन आवेदनों से संबंधित क्षेत्रफल 2,001.21 हेक्टेयर था। वहीं, टोकन मनी प्राप्त नहीं होने के कारण 890 किसानों के 903 आवेदन अस्वीकृत किए गए। इनका कुल क्षेत्रफल 536.46 हेक्टेयर था।
बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, बीमित क्षेत्रफल और स्वीकृति-अस्वीकृति से संबंधित आंकड़ों की समीक्षा की गई। फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं और फसल क्षति की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, झारखंड राज्य सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), डीडीएम नाबार्ड, परियोजना प्रबंधक आत्मा, पैक्स प्रतिनिधि और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी