रामगढ़ में छठ घाटों की तैयारियों का डीसी और एसपी ने लिया जायजा
-सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
रामगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं से लेकर विधि-व्यवस्था तक की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने छावनी परिषद रामगढ़ के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह के साथ जोड़ा तालाब बरकाकाना, सेवटा तालाब, गांधी घाट रामगढ़, कैथा तालाब सहित अन्य प्रमुख छठ घाटों का दौरा किया। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पहुंच पथ, बैरिकेडिंग, पार्किंग, चेंजिंग रूम और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने नदी और तालाबों में पानी की गहराई के अनुरूप की गई बैरिकेडिंग, खतरनाक स्थानों के चिह्नीकरण और गोताखोरों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। महिलाओं की सुविधा के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम का जायजा लिया गया। इसके अलावा भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, हेल्प डेस्क तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की जांच की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का महान पर्व है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महापर्व के दौरान किसी भी तरह की असुविधा या अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने जिलेवासियों से आपसी सहयोग, शांति और सौहार्द के साथ छठ महापर्व मनाने की अपील की।
जिला प्रशासन की ओर से सभी छठ घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश