दुर्घटना रोकने के लिए डीसी और एसपी ने सीसीएल प्रबंधन एवं ट्रांसपोर्टर्स के साथ की बैठक

 


रामगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता और एसपी मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में शनिवार को सड़क एवं खनन क्षेत्र में हो रही दुर्घटना की समीक्षा की। इन क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर सीसीएल प्रबंधन, विभिन्न खनन परियोजनाओं के अधिकारियों और ट्रांसपोर्टर्स के साथ बैठक की।

बैठक के दौरान हाल के दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई सड़क और खनन दुर्घटनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। विशेष रूप से बारलौंग में हुई सड़क दुर्घटना और अरगड्डा क्षेत्र में अवैध मुहाने से कोयला निकालने के क्रम में हुई दुर्घटना पर गंभीरता से चर्चा की। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सीसीएल प्रबंधन और सभी ट्रांसपोर्टर्स को वाहन चालकों की ओर से भरे जाने वाले शपथ पत्र का प्रारूप उपलब्ध कराया गया।

डीसी ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित एजेंसियां निर्धारित प्रारूप के अनुसार वाहन चालकों से शपथ पत्र भरवाएं। साथ ही उन्होंने यातायात और सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन कराने का निर्देश दिया।

डीसी-एसपी ने सीसीएल प्रबंधन के अधिकारियों और सभी ट्रांसपोर्टर्स को अपने-अपने प्रतिष्ठानों एवं कार्यस्थलों पर वाहन चालकों के साथ नियमित संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संवाद के माध्यम से चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशामुक्त होकर वाहन चलाने, पर्याप्त विश्राम के बाद ही ड्यूटी करने, ओवरलोडिंग से बचने एवं सड़क सुरक्षा के अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।

बैठक के दौरान अवैध खनन को दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण बताते हुए डीसी ने सीसीएल सहित अन्य खनन परियोजनाओं के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित अवैध मुहानों की समुचित पहचान कर उन्हें स्थाई रूप से बंद कराने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए प्रशासन और संबंधित एजेंसियां समन्वय बनाकर नियमित निगरानी करें।

एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि सड़क सुरक्षा और अवैध खनन की रोकथाम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी ट्रांसपोर्टर्स और परियोजना प्रबंधन से सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने, वाहन चालकों का नियमित सत्यापन, वाहनों की तकनीकी जांच एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप परिवहन कार्य संचालित करने की अपील की। बैठक में निर्णय लिया गया कि सड़क एवं खनन सुरक्षा से जुड़े सभी निर्देशों के अनुपालन की नियमित समीक्षा की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, सीसीएल और अन्य खनन परियोजनाओं के अधिकारी, विभिन्न ट्रांसपोर्टर्स एवं जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश