मुख्यमंत्री के गांव नेमरा पहुंचे डीसी ऋतुराज, विकास कार्यों का लिया जायजा

 




रामगढ़, 07 मई (हि.स.)। रामगढ़ डीसी ऋतुराज गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचे। यहां उन्होंने कई विकास योजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने नेमरा में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

इसके उपरांत डीसी उपरबरगा पंचायत पहुंचे। जहां आयोजित जल संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। अन्य मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन के लिए चिन्हित किया गया। इस मौके पर बेहतरीन कार्य करने वाले कर्मियों के बीच प्रशस्ति पत्र का वितरण भी किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का आंकलन करने के लिए डीसी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला, स्वास्थ्य उपकेंद्र सोनडिमरा तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र नेमरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित रूप से चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध रहें तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

डीसी ने बरलंगा जलापूर्ति योजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के तहत चल रहे मरम्मती कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्य में तेजी लाने एवं जल्द से जल्द सुचारू जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने संबंधित विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की उपलब्धता प्रभावित न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश