डीसी ने जनता दरबार में समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

 


रामगढ़, 23 अक्टूबर (हि.स.)। जिला समाहरणालय में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को उपायुक्त के समक्ष रखा।

जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने लोगों से बारी-बारी मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। प्राप्त आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन, रोजगार, जाति प्रमाण पत्र, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, मुआवजा और नाली निर्माण सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ऋतुराज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की गंभीरतापूर्वक जांच कर समय पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। इसके लिए सभी विभागीय पदाधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की लगातार समीक्षा भी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश