एसआईआर के तहत डीसी ऋतुराज ने भरा अपना गणना प्रपत्र

 


रामगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर)-2026 के अंतर्गत मंगलवार को डीसी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी ऋतुराज ने अपना गणना प्रपत्र भरकर जिलेवासियों को इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया।

डीसी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का दायित्व है कि वह निर्धारित समयावधि के भीतर अपना गणना प्रपत्र अवश्य भरें। ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या नाम छूटने की संभावना न रहे।

डीसी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी विलंब के अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर के पास जमा करें। उन्होंने कहा कि समय पर प्रपत्र जमा करने से मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी ढंग से पूर्ण हो सकेगी।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।

डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी संबंधित पदाधिकारियों और बूथ लेवल ऑफिसरों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दें तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं परिचितों को भी गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश