गर्मी में जलापूर्ति व्यवस्था के लिए लगेगा 02 मई से विशेष शिविर
रामगढ़, 30 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ में गर्मी के मौसम में जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर गुरुवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जलापूर्ति संबंधित विशेष पखवाड़ा के तहत 02 मई से 15 मई तक जिले के सभी पंचायतों एवं नगर परिषद वार्डों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। डीसी ने शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी दी जाए, ताकि आमजन अपनी समस्याओं का समाधान करा सकें।
डीसी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों से शिविर आयोजन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे, वहां शिविर के दिन ही जलापूर्ति योजनाओं, चापानलों और अन्य पेयजल स्रोतों की यथासंभव मरम्मत सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन किया जाए, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके।
बैठक के दौरान डीसी ने नगर परिषद एवं संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर घड़ों में पेयजल उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया, ताकि राहगीरों एवं आमजनों को गर्मी में राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश