डीसी ने की एसआईआर की समीक्षा, धीमी प्रगति पर सुपरवाइजर को लगाई कड़ी फटकार

 


रामगढ़, 01 जुलाई (हि.स.)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी ऋतुराज ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत जिले में संचालित कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में 22-बड़कागांव और 23-रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में गणना प्रपत्रों के वितरण, डिजिटाइजेशन एवं क्षेत्रीय निरीक्षण कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।

समीक्षा के दौरान डीसी ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों के वितरण की प्रगति की जानकारी ली। जिन सुपरवाइजरों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया, उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीसी ने गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य की भी समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटाइजेशन कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में डीसी ने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) को क्षेत्र का नियमित निरीक्षण करने एवं बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश