सख्त सुरक्षा में शांतिपूर्ण मतदान का डीसी ने लिया जायजा

 




रामगढ़, 23 फ़रवरी (हि.स.)। रामगढ़ जिले में नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत मतदान प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से हुई । मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। महिला, पुरुष, युवा एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे। उन्होंने कैथा, बोंगावार तथा पैंकी क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा प्रबंध, मतदान प्रक्रिया एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कतार में लगे मतदाताओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उन्हें निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया।

डीसी ने मतदान कर्मियों को निर्देश दिया कि वे निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करते हुए मतदान संपन्न कराएं। साथ ही, कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे जिले में मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश