होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया की डीसी ने की समीक्षा, आवेदनों की स्क्रूटनी पूरी
रामगढ़, 19 सितंबर (हि.स.)। होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को लेकर शनिवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों और भर्ती समिति के सदस्यों के साथ बैठक हुई। बैठक में भर्ती प्रक्रिया की अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी चरणों को निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी और नियमानुसार पूरा करने के निर्देश दिया गया।
बैठक में कमांडेंट होमगार्ड नीलिमा सोरे ने बताया कि होमगार्ड भर्ती के लिए प्राप्त सभी आवेदनों की स्क्रूटनी पूरी कर ली गई है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द किए गए हैं, उनकी सूची कारण सहित जारी की जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।
उपायुक्त ने भर्ती समिति के साथ समन्वय कर शारीरिक दक्षता परीक्षा के आयोजन की तैयारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा, अनुशासन और निर्धारित नियमों के अनुपालन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।
बैठक के बाद उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों के साथ सिद्धू-कान्हू मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षा में होने वाले विभिन्न इवेंट्स को ध्यान में रखते हुए मैदान की सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने इवेंट्स के अनुरूप विस्तृत प्लान तैयार करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं मानकों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, गोपनीय प्रभारी रविन्द्र कुमार गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन, एसडीपीओ पतरातू राघवेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश