डीसी ने की स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और आजीविका योजनाओं की समीक्षा
रामगढ़, 18 जून (हि.स.)। आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत पतरातू प्रखंड में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा गुरुवार को डीसी ऋतुराज ने की।
बैठक में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, पेयजल और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) से संबंधित कार्यों का आकलन करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान डीसी ने जून माह तक सभी हेल्थ इंडिकेटरों को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सिविल सर्जन को सहिया और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के साथ नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने एवं गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली एएनसी सेवाओं का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
पोषण संबंधी योजनाओं की समीक्षा करते हुए डीसी ने पोषण ट्रैकर ऐप में सभी लाभुकों का सौ फीसदी डेटा अपलोड सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था से संबंधित कार्यों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान डीसी ने विद्यालयवार छात्र-छात्राओं के ट्रांजिशन रेट को 100 प्रतिशत सुनिश्चित करने और सभी विद्यालयों में शौचालय की व्यवस्था पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने बीपीओ, सीआरपी और बीआरपी को निर्माणाधीन शौचालयों का नियमित निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति पर नजर रखने को कहा।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान सभी बीपीएम को एफपीओवार मासिक प्रगति प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया गया। वहीं पशुपालन से जुड़े एफएमडी वैक्सीनेशन अभियान को शत-प्रतिशत पूरा करने पर विशेष बल दिया गया।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा करते हुए डीसी ने घर-घर नल जल योजना के तहत घरेलू जल कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जेएसएलपीएस की ओर से किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीसी ने सभी बीपीओ को अपने-अपने क्षेत्रों की उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 महिलाओं का चयन करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जिले के उत्कृष्ट उत्पादों की पहचान करने और आजीविका गतिविधियों के तहत संचालित सफल एवं नवाचारपूर्ण प्रयासों को चयनित कर प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
डीसी ऋतुराज ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि और आजीविका के क्षेत्र में समग्र विकास सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी विभागों को गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश