उपायुक्त ने की 'मीता रामगढ़' पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा, समाधान के दिए निर्देश
रामगढ़, 02 जून (हि.स.)। रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीता रामगढ़ पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों एवं प्रखंडों से संबंधित लंबित शिकायतों की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई और उनके शीघ्र निपटारे के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि वर्तमान में मीता रामगढ़ पोर्टल पर कुल 674 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 227 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है। उपायुक्त ने विभागवार लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी करें और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिला स्तर से विभिन्न प्रखंडों के लिए प्रतिनियुक्त वरीय अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी वरीय पदाधिकारी अपने-अपने प्रखंडों से संबंधित लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें तथा शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया में तेजी लाना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
बैठक में उपायुक्त ने पूर्व में जारी उस निर्देश की भी समीक्षा की, जिसके तहत सभी कार्यालय प्रधानों को प्रत्येक सोमवार अपने-अपने कार्यालय में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित करने को कहा गया था। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से साप्ताहिक बैठकों के आयोजन, उनमें लिए गए निर्णयों तथा उनके अनुपालन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध निवारण सुशासन का महत्वपूर्ण आधार है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान हो, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में समाहरणालय के वरीय अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा जन शिकायत कोषांग के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। ------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश