स्वच्छता के लिए डीसी ने किया श्रमदान, नप क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर चला अभियान

 




रामगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में स्वच्छता ही सेवा के तहत गुरुवार को “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीसी ऋतुराज के नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान डीसी ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

नगर परिषद कार्यालय परिसर, जज कॉलोनी, जिला समाहरणालय परिसर, मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क रोड एवं सदर अस्पताल परिसर सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मियों ने श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों की सफाई की।

डीसी ने स्वयं श्रमदान करने के बाद अधिकारियों को जिला समाहरणालय परिसर के आसपास, व्यवहार न्यायालय परिसर, प्रमुख मार्ग सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वच्छता कार्यों की निगरानी करने औ चिन्हित स्थलों पर नियमित स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने को कहा।

कार्यक्रम के दौरान डीसी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मियों एवं सफाई कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

डीसी ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने आमजनों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने, कचरे का निर्धारित स्थान पर ही निपटान करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने में आम नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से नगर परिषद की ओर से संचालित स्वच्छता गतिविधियों में सहयोग करने की अपील की।

कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का अनुरोध किया।

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभी वार्ड पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, जमादार, सफाईकर्मी सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश