पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया से मौत के बाद सरकार अलर्ट, सभी उपायुक्तों को व्यापक रोकथाम अभियान चलाने का निर्देश

 


रांची, 01 जुलाई (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया से हुई मौत और संक्रमण के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए झारखंड सरकार ने राज्यभर में मलेरिया की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्देश दिया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बुधवार को सभी उपायुक्तों को पत्र जारी कर तत्काल प्रभाव से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

अपर मुख्य सचिव की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि जिन क्षेत्रों में मलेरिया के मामले सामने आ रहे हैं, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर संक्रमण पर कड़ी निगरानी रखी जाए। बुखार प्रभावित क्षेत्रों में बहुद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एमपीडब्ल्यू) और सहियाओं के माध्यम से घर-घर जाकर सक्रिय सर्वेक्षण कराया जाएगा। संदिग्ध मरीजों की तत्काल जांच कर संक्रमित पाए जाने पर बिना विलंब उपचार शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गंभीर मरीजों के समुचित इलाज, अस्पताल में भर्ती और नियमित फॉलो-अप की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

निर्देश के अनुसार, प्रत्येक नए मलेरिया मरीज की पहचान होने पर संबंधित क्षेत्र में फीवर सर्वे और मास सर्वे अभियान चलाया जाएगा। अधिक प्रभावित गांवों में सहियाओं को रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट (आरडीटी) किट तथा आवश्यक मलेरिया रोधी दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जांच सामग्री और दवाओं का पर्याप्त भंडारण रखने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में कीटनाशी दवाओं का छिड़काव तथा लार्वा नियंत्रण अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की प्रभावी निगरानी के लिए राज्य सरकार ने त्रिस्तरीय समीक्षा व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। अपर मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों से व्यक्तिगत स्तर पर अभियान की निगरानी करने, संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा संक्रमण पर शीघ्र नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय पर जांच, त्वरित उपचार, नियमित निगरानी और जनजागरूकता के माध्यम से मलेरिया के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में सभी जिलों में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar