डीसी ने पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ

 


देवघर, 28 जून (हि.स.)। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने रविवार सुबह सदर अस्पताल, देवघर में नवजात बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर जिले में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि बूथ डे के तहत जिले में स्थापित 1500 पोलियो बूथों के माध्यम से अधिक से अधिक 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नजदीकी बूथ पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएंगे, ताकि अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित की जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाएं और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिले के बच्चों को स्वस्थ और पोलियो मुक्त रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना बेहद जरूरी है। स्वस्थ बच्चे ही देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy