उपायुक्त ने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को नगड़ी स्थित ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण कर वहां मौजूद सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
उपायुक्त ने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था और भंडारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रवेश एवं निकास नियंत्रण तथा संबंधित अभिलेखों की भी गहन जांच की। उन्होंने अधिकारियों को ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा, रख-रखाव और प्रबंधन से जुड़े निर्धारित मानक प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। इसके लिए नियमित निगरानी और समय-समय पर जांच जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को हमेशा दुरुस्त रखने और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन के अनुसार, चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण नियमित रूप से किया जाता है। इसका उद्देश्य ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षित अभिरक्षा सुनिश्चित करना है।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी बिबेक कुमार सुमन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित निर्वाचन विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar