श्रावणी मेला के सफल आयोजन को लेकर डीसी ने बासुकीनाथ धाम का किया निरीक्षण
दुमका, 21 जुलाई (हि.स.)। राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर डीसी अभिजीत सिन्हा ने बासुकीनाथ पहुंचकर मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन, रूट लाइन, आवासन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित मेला आयोजन से जुड़ी विभिन्न तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने बेदिया, दर्शनिया टीकर, तारा मंदिर होते हुए रूट लाइन, शिवगंगा सहित सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सुगमतापूर्वक एवं सुरक्षित तरीके से बाबा बासुकीनाथ का दर्शन एवं जलार्पण कराया जाए।
रूट लाइन में श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करें। डीसी ने टेंट सिटी एवं अन्य आवासन केंद्रों का भी निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के ठहरने वाले सभी आवासन केंद्रों में पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ एवं कार्यशील शौचालय, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट सहित अन्य सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्धता को निर्देश दिया।
आवासन केंद्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने और उनकी नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बासुकीनाथ पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जाए। भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति के साथ आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
डीसी ने मेला क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि पूरे मेला अवधि के दौरान नियमित रूप से सफाई कार्य कराया जाए। कूड़ा-कचरा का त्वरित उठाव एवं उचित निस्तारण सुनिश्चित हो। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी करने एवं श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
वहीं रूट लाइन में पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता को लेकर भी उपायुक्त ने आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रूट लाइन में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था रहे और श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल टीम, आवश्यक दवाइयां एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध हो। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बेहतर एंबुलेंस व्यवस्था को भी सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। इस दौरान डीसी ने मेला क्षेत्र में निर्माणाधीन टेंट अस्पताल का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
साथ ही, अग्निशमन व्यवस्था को भी पूरी तरह दुरुस्त और सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने मेला क्षेत्र में लगाए जा रहे सूचना एवं सहायता केंद्रों को भी प्रभावी बनाने का निर्देश दिया, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को रूट, आवासन, चिकित्सा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित जानकारी आसानी से मिल सके। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पर्याप्त संख्या में सहायता कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार