उपायुक्त ने कल्याणपुर वेयर हाउस का किया निरीक्षण

 


देवघर, 16 मई (हि.स.)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने शनिवार को कल्याणपुर स्थित वेयर हाउस का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, वीवीपैट हॉल तथा बैलट यूनिट (बीयू) हॉल सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी मानकों के सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

इस दौरान उपायुक्त ने वेयर हाउस के मुख्य द्वार पर लगे सील, परिसर में तैनात सुरक्षा बलों, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली तथा अग्निशमन यंत्रों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने समय-समय पर फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच करने तथा परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। साथ ही उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी भंडारण स्थलों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy