रिसिविंग सेंटर सह वज्रगृह का डीसी ने किया निरीक्षण

 


बोकारो, 23 फ़रवरी (हि.स.)। नगरपालिका चुनाव की गिनती की तैयारियों को लेकर सोमवार को चास स्थित बाजार समिति परिसर में बनाए गए रिसिविंग सेंटर सह वज्रगृह का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी अजय नाथ झा, डीडीसी शताब्दी मजूमदार और अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी ने संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों-कर्मियों को जरूरी निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतपेटियों (बैलेट बॉक्स) की रिसिविंग प्रक्रिया की क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पीठासीन पदाधिकारियों की ओर से जमा किए जाने वाले सभी प्रपत्र और इनवेलप निर्धारित सुरक्षित बक्सों में सही तरीके से रखे जाएं, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या अव्यवस्था न हो।

अधिकारियों ने कहा कि बैलेट बॉक्स को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाए, स्टैच्यूटरी बॉक्स को निर्धारित सुरक्षित बक्से में और नॉन-स्टैच्यूटरी सामग्री को अलग निर्धारित स्थान पर रखा जाए। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया।

डीसी ने कहा कि मतदान संपन्न होने के बाद पीठासीन पदाधिकारी और मतदान कर्मी पूरे दिन की ड्यूटी के बाद थके हुए पहुंचेंगे। ऐसे में रिसिविंग सेंटर पर उनके साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। उन्होंने चाय-पानी की समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।

रिसिविंग कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि आज की प्रक्रिया सुव्यवस्थित रहेगी तो मतगणना के दिन कार्य अधिक सरल होगा। सभी कर्मियों को धैर्य और जिम्मेदारी के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों को भी निर्देश दिया गया कि वे रिसिविंग प्रक्रिया में तैनात कर्मियों और पीठासीन पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार