गांधी जयंती पर उपायुक्त ने दी बापू काे श्रद्धांजलि

 


देवघर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को टावर चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के पुंज थे। उनका जीवन, आदर्श और विचार आज भी समाज और देश को सही राह दिखाने का कार्य करते हैं। उन्होंने बापू की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जिलेवासियों से सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने के साथ स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

उपायुक्त ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भी उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के प्रतीक थे। उनका दिया ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी देश के सुरक्षा बलों और किसानों को नई ऊर्जा प्रदान करता है। दोनों महान विभूतियों के विचार और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को उन्होंने सदैव प्रेरणास्रोत बताया।

गांधी जयंती के अवसर पर उपायुक्त ने जिले में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने और नशामुक्त एवं सशक्त समाज के निर्माण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के लिए गंदगी एवं नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों को जड़ से समाप्त करना आवश्यक है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा से जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान दें एवं स्वच्छ, स्वस्थ तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, नगर निगम के अधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy