जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन को लेकर डीसी ने की समीक्षा
रामगढ़, 28 जुलाई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मीता रामगढ़ पोर्टल के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों के निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान बैठक में विभिन्न विभागों और प्रखंडों से संबंधित लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि वर्तमान में मीता पोर्टल पर कुल 1254 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 668 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है।
डीसी ने विभागवार लंबित मामलों की गहन समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीसी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करें।
बैठक के दौरान डीसी ने सीपी ग्राम पोर्टल पर आए मामलों की भी विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को तीव्र गति से मामले निष्पादित करने का निर्देश दिया। साथ ही झार सेवा पोर्टल पर सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत आए मामलों के निष्पादन पर डीसी ने असंतोष व्यक्त करते हुए सभी अंचल अधिकारियों को तेजी से मामले निष्पादित करने का निर्देश दिया।
डीसी ने पूर्व में सभी कार्यालय प्रधानों को प्रत्येक सप्ताह के सोमवार को अपने-अपने कार्यालय में साप्ताहिक बैठक आयोजित करने के लिए दिए गए निर्देश के आलोक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान विभिन्न विभागों से उनके उनके यहां साप्ताहिक बैठक के आयोजन और उसमें लिए गए निर्णयों की जानकारी ली एवं इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश