मीता पाेर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर निष्पादित करें : डीसी

 


रामगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जिरए मीता रामगढ़ पोर्टल के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों के निष्पादन को लेकर मंगलवार को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान बैठक में विभिन्न विभागों और प्रखंडों से संबंधित लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि वर्तमान में मीता पोर्टल पर कुल 1180 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 592 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है।

डीसी ने विभागवार लंबित मामलों की गहन समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करें।

बैठक के दौरान डीसी के द्वारा सीपी ग्राम पोर्टल पर आए मामलों की भी विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को तीव्र गति से मामले निष्पादित करने का निर्देश दिया। साथ ही झार सेवा पोर्टल पर सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत आए मामलों के निष्पादन पर डीसी ने असंतोष व्यक्त करते हुए सभी अंचल अधिकारियों को तीव्र गति से मामले निष्पादित करने का निर्देश दिया।

बैठक में डीसी ने जिला स्तर से सभी प्रखंडों के लिए प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने प्रखंडों से संबंधित लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें और निष्पादन प्रक्रिया में तेजी लाना सुनिश्चित करें।

डीसी ने पूर्व में सभी कार्यालय प्रधानों को प्रत्येक सप्ताह के सोमवार को अपने-अपने कार्यालय में साप्ताहिक बैठक आयोजित करने के लिए दिए गए निर्देश पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान विभिन्न विभागों से उनके उनके यहां साप्ताहिक बैठकाें में लिए गए निर्णयों की जानकारी ली और इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक के दौरान डीसी ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की और अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर आम जनता की समस्याओं का समाधान करने, जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने और जन शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं जन शिकायत कोषांग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश