नीट की परीक्षा कदाचार मुक्त कराने को लेकर डीसी ने की बैठक

 


रामगढ़, 12 जून (हि.स.)। रामगढ़ में 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संचालन को लेकर शुक्रवार को डीसी ऋतुराज ने बैठक की। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीसी ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाए और परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता एवं सख्ती के साथ किया जाए।

बैठक के दौरान बताया गया कि जिले में नीट परीक्षा 2026 के लिए कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें केंद्रीय विद्यालय रामगढ़, केंद्रीय विद्यालय बरकाकाना और आर्मी पब्लिक स्कूल शामिल हैं।

सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत, प्रकाश और बैठने की समुचित व्यवस्था होगी। अभ्यर्थियों के सुगम और व्यवस्थित प्रवेश के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती करने को कहा गया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं।

डीसी ने जिला शिक्षा अधीक्षक को परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया। वहीं, पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने एवं परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूर्व सभी केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर लें और परीक्षा के दिन समय से पूर्व केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करें।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, स्थापना उपसमाहर्ता रीना कुजूर, जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम, जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय अकरम राजा सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश