स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को लेकर डीसी ने की बैठक, दिए कई निर्देश

 


रामगढ़, 28 जुलाई (हि.स.)।

जिले में आगामी स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को लेकर मंगलवार को डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में और एसपी मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में जिला समाहरणालय के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में डीसी ने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। डीसी ने जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए सिदो कान्हू मैदान को तैयार करने और मैदान में सभी तरह की मूलभूत सुविधाएं यथा परेड, मंच, अतिथियों के बैठने आदि की व्यवस्था करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

डीसी ने परेड एवं बैंड प्रस्तुति में भाग लेने वाले सभी पुलिस बल, एनसीसी व छात्र-छात्राओं के लिए पूर्व अभ्यास के दौरान मैदान में मूलभूत सुविधाएं, चिकित्सा सेवाएं व अल्पहार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान डीसी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी शराब की दुकान और वधशालाओं को 14 अगस्त की रात्रि 12 से 15 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक बंद रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश सहायक आयुक्त उत्पाद एवं कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को दिया।

डीसी ने परेड पूर्वाभ्यास और मुख्य कार्यक्रम के आयोजन के दिन चिकित्सा दल और एंबुलेंस की व्यवस्था कर किसी भी तरह की आकस्मिक परिस्थिति के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।

इस दौरान शहर में स्वतंत्रता दिवस के दिन शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश सुबह 08 बजे से दोपहर 12 बजे तक वर्जित रहेगा। इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश डीसी ने अनुमंडल पदाधिकारी को दिया।

बैठक के दौरान डीसी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को उनके उनके क्षेत्रों में स्थित महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमा कि साफ-सफाई कराने और उन पर माल्यार्पण सुनिश्चित करने काे कहा।

डीसी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिले में बेहतरीन कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मियों सहित अन्य जिले वासियों को सम्मानित करने को लेकर समिति गठित कर कार्य करने के संबंध में कई दिशा निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डीसी के गोपनीय शाखा में प्रातः 8:15, सिदो कान्हू स्टेडियम में राजकीय समारोह प्रातः 9:05, डीसी कार्यालय ब्लॉक ए में 10 बजे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय ब्लॉक सी में 10:05, उप विकास आयुक्त कार्यालय ब्लॉक बी में 10:10 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 10:50 बजे, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में 10:55 बजे एवं पुलिस लाइन रामगढ़ में 11:10 बजे झंडा फहराया जाएगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश